मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी को दी करोड़ों की सौगात

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तरकाशी जनपद के पुरोला में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लगभग ₹210 करोड़ की 55 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 35 योजनाओं का लोकार्पण और 20 योजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें पुरोला स्थित खेल मैदान का उच्चीकरण, मोरी के देवरा गांव स्थित कर्ण महाराज मंदिर और नौगांव के रुद्रेश्वर महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण, नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का विस्तारीकरण, पुरोला-नौगांव डूकाणा रोड से मोरी बैंड तक बाईपास निर्माण तथा देवजानी ओरा से केदरकांठा तक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकास प्रमुख हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से न केवल क्षेत्रीय नागरिकों को सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय रोजगार, पर्यटन और बागवानी को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी घोषणाओं को प्राथमिकता से पूर्ण करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। राज्य में सख्त भू-कानून लागू करने के साथ ही भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को अपनाया गया है।

कार्यक्रम में पुरोला विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें रंवाई क्षेत्र की जनता की ओर से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में विकास, पारदर्शिता और सुशासन को नई दिशा मिली है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top