स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ कांग्रेस का अराजक आचरण
देहरादून | 18 जनवरी
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर प्रदेश का माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस जानबूझकर टकराव की राजनीति को बढ़ावा दे रही है। भाजपा का कहना है कि मंत्रियों और पार्टी नेताओं के कार्यक्रमों को बाधित करने के प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि हाल के दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत अन्य नेताओं के प्रवास कार्यक्रमों में हंगामा करने की कोशिश की गई, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से अपील की कि वे अपने कार्यकर्ताओं को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना सिखाएं।
चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर रास्ते बाधित करना, कार्यक्रमों में अव्यवस्था फैलाना या जानबूझकर टकराव की स्थिति पैदा करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। जिस लोकतंत्र के तहत कांग्रेस को अपने कार्यक्रम करने का अधिकार है, उसी के तहत अन्य दलों को भी समान अधिकार प्राप्त हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से निराश कांग्रेस अब सत्ता में वापसी के लिए प्रदेश का शांत माहौल बिगाड़ने पर आमादा है। कांग्रेस प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से ऐसी गतिविधियों को अंजाम दे रही है, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं को कानून हाथ में लेने से रोके। भाजपा के अनुशासित कार्यकर्ता संयमित हैं, लेकिन कांग्रेस के इस आचरण से सार्वजनिक मंचों पर उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनावी समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर कार्य करती है। कांग्रेस को विरोध प्रदर्शन शालीनता और कानून के दायरे में रहकर करना चाहिए। ऐसी विपक्षी राजनीति को जनता देख रही है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।