नए नेतृत्व में भाजपा राज्य में जीत की हैट्रिक लगाएगी : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 20 जनवरी।
भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में श्री नितिन नबीन के चयन पर उत्तराखंड भाजपा परिवार में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर राजधानी देहरादून स्थित बलबीर रोड पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर खुशी जाहिर की और पार्टी नेतृत्व को बधाई दी।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं के नाम जारी अपने संदेश में कहा कि श्री नितिन नबीन का नेतृत्व संगठन में युवा ऊर्जा, नया जोश और चुनावी जीत की नई इबारत लिखेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह जीत का सिलसिला 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की प्रचंड जीत और हैट्रिक के साथ जारी रहेगा।
श्री भट्ट ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ, परिश्रम और संगठनात्मक क्षमता के बल पर पार्टी के शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। श्री नितिन नबीन का राजनीतिक अनुभव और संगठन कौशल करोड़ों कार्यकर्ताओं एवं वैचारिक समर्थकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि भाजपा का विजय अभियान बंगाल, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी नई सफलता की कहानी लिखेगा।
संगठन महापर्व की पूर्णता : कुंदन परिहार
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार ने कहा कि नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के साथ पार्टी का संगठन महापर्व अपनी पूर्णता को प्राप्त कर चुका है। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष की भाजपा, अपने हमउम्र युवा अध्यक्ष के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छूने जा रही है। एक सामान्य कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक की उनकी यात्रा पार्टी के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि श्री नितिन नबीन का सांगठनिक कौशल और युवा जोश भाजपा को निरंतर सफलता के शिखर पर बनाए रखने के साथ-साथ शेष राजनीतिक लक्ष्यों की पूर्ति में भी सहायक सिद्ध होगा।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय में
प्रदेश कार्यालय सचिव श्री जगमोहन रावत,
सरकार में दायित्वधारी श्री मुकेश कुमार,
प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी,
प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती कमलेश रमन,
बलजीत सोनी, डॉ. दिव्या नेगी, श्रीमती शकुंतला, चंडी प्रसाद बेलवाल, हरीश चमोली, अनूप रावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।