Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

देहरादून रोड के सेल्फी प्वाइंट पर हादसा: गहरी खाई में गिरा 20 वर्षीय युवक, SDRF ने सफल रेस्क्यू कर बचाई जान

ऋषिकेश/देहरादून, 21 जुलाई। देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे बने सेल्फी प्वाइंट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेल्फी प्वाइंट के पास संतुलन बिगड़ने से एक 20 वर्षीय युवक गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

SDRF को ऋषिकेश कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे एक युवक सड़क किनारे संतुलन खोकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही ढालवाला स्थित SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची SDRF टीम ने विषम परिस्थितियों के बीच खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई। इसके बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए युवक को स्ट्रेचर की सहायता से खाई से बाहर निकाला गया और नदी मार्ग से एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया। वहां से उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान मोहित आर्या (20 वर्ष) पुत्र प्रदीप आर्या, निवासी बेतालघाट, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने साथियों के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। इसी दौरान सेल्फी प्वाइंट के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।

घटना के बाद सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने नागरिकों और पर्यटकों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों, सेल्फी प्वाइंट और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर फोटो या वीडियो बनाने के लिए किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम न उठाएं। उन्होंने कहा कि “आपकी सतर्कता ही किसी भी दुर्घटना से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”

रेस्क्यू टीम में शामिल सदस्य:

  • एडिशनल एसआई विजेंद्र कुड़ियाल
  • अर्जुन
  • किशोर
  • सुमित नेगी
  • रमेश भट्ट
  • रवींद्र
  • दीपक सिंह
  • राहुल कुमार
  • अमित सिंह
  • सुमित

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top