Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

चारधाम यात्रा 2026: हेली शटल सेवा के टेंडर अंतिम दौर में, जल्द शुरू होंगी सुविधाएँ

देहरादून,आगामी अप्रैल माह से प्रारंभ होने जा रही चारधाम यात्रा 2026 को लेकर हेली शटल सेवाओं की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यू-काडा) द्वारा हेली सेवाओं के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस वर्ष यात्रा के दौरान लगभग 8 से 9 हेली कंपनियां श्रद्धालुओं को अपनी सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के सहयोग से संचालित की जाएगी, जिससे बुकिंग प्रक्रिया पारदर्शी और सरल बनाई जा सके।

 

19 अप्रैल से प्रारंभ होने वाली चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं के टिकटों की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य फर्जी एजेंटों और कालाबाजारी पर रोक लगाना तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से टिकट उपलब्ध कराना है।

 

चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष रूप से अन्य राज्यों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेली सेवाओं की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।

 

श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या कालाबाजारी की घटनाओं को रोकने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यू-काडा) द्वारा एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो यात्रा के दौरान बुकिंग से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय रहेगा।

 

यू-काडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि हेली शटल सेवाओं को लेकर टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान लगभग 8 से 9 कंपनियां हेली शटल सेवाएं प्रदान करेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि हेली टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी के सहयोग से संचालित आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही की जाएगी, जिससे यात्रियों को पारदर्शी और विश्वसनीय बुकिंग सुविधा मिल सकेगी।

 

डॉ. चौहान ने आगे बताया कि टिकट बुकिंग से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए यू-काडा का कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इसके अलावा, हेली सेवा से यात्रा करने वाले यात्री अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए आईआरसीटीसी के कस्टमर केयर से भी सीधे संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top