Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

गुरु भक्ति में डूबी द्रोणनगरी, श्री झण्डा जी मेले का भव्य शुभारंभ

 

देहरादून, दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस के पावन अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक श्री झण्डा साहिब के भव्य आरोहण में लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण गुरु भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।

“झण्डा चढ़या चढ़या ए देरादून, संगतां मनाले खुशियां, खुशियां नाल मनाईये जन्मदिन सद्गुरु दा, देखो-देखो गुरां दा झण्डा चढ़या” जैसे ही श्रद्धा से भरे स्वर दरबार साहिब परिसर में गूंजे, द्रोणनगरी गुरु महाराज के जयकारों से गूंज उठी।

 

श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के संदेश पर जैसे ही झण्डा साहिब के आरोहण की प्रक्रिया आरंभ हुई, पूरा परिसर “जय श्री गुरु राम राय जी महाराज” के जयकारों से गूंज उठा। ठीक शाम 4 बजकर 12 मिनट पर 94 फीट ऊंचे पवित्र श्री झण्डे जी का भव्य आरोहण संपन्न हुआ। इस दिव्य क्षण के साक्षी बनते ही श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूम उठे और गगनभेदी जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके साथ ही देहरादून की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर श्री झण्डा जी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया।

 

आस्था के महाकुंभ में उमड़ा जनसैलाब

 

रविवार तड़के से ही दरबार साहिब परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश-विदेश से पहुंची संगतों ने श्रद्धा भाव से श्री झण्डे जी के समक्ष शीश नवाया और श्री गुरु महाराज जी के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य माना। पूरा परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और हर कोई गुरु महाराज की कृपा प्राप्त करने को आतुर दिखाई दिया।

 

दूध, घी, शहद और गंगाजल से हुआ पवित्र अभिषेक

 

सुबह 7 बजे से विशेष पूजा-अर्चना आरंभ हुई। सुबह 8:30 बजे श्रद्धालुओं ने पवित्र ध्वज दंड को उतारकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। संगतों ने दूध, घी, शहद, गंगाजल और पंचगव्य से पवित्र ध्वज का अभिषेक किया। इसके पश्चात 94 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी पर सादे और शनील के गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई।

 

इस दौरान परंपरा के अनुसार पूरे समय झण्डे जी को जमीन पर नहीं रखा जाता, बल्कि संगतें अपने हाथों पर थामकर इस पवित्र प्रक्रिया में सहभागी बनती हैं।

 

दर्शनी गिलाफ चढ़ते ही उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

 

दोपहर करीब 1:30 बजे दर्शनी गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बन गया। हजारों श्रद्धालु उस पवित्र गिलाफ को स्पर्श कर पुण्य अर्जित करने को उत्सुक दिखाई दिए। पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और गुरु महिमा के जयकारों से गूंज उठा।

 

गुरु की कृपा से जगमगाई द्रोणनगरी

 

नए मखमली वस्त्रों और सुनहरे गोटों से सुसज्जित श्री झण्डा साहिब का आरोहण होते ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु लकड़ी की कैंचियों के सहारे पवित्र ध्वज को ऊंचाई तक पहुंचाने में सहभागी बने। यह दृश्य श्रद्धा, समर्पण और गुरु प्रेम की अनुपम मिसाल बन गया।

 

“देशवासियों पर सदैव बनी रहे श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा”

 

श्री झण्डे जी के आरोहण के उपरांत श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश-प्रदेशवासियों व संगतों को श्री झण्डा जी महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह मेला प्रेम, सद्भावना, भाईचारे, उल्लास और अमन-चैन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्री झण्डे जी के समक्ष शीश नवाने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, इसलिए देश-विदेश से संगतें हर वर्ष इस पावन अवसर की प्रतीक्षा करती हैं।

 

बाज के दर्शन को माना गया दिव्य संकेत

 

श्री झण्डे जी के आरोहण के पश्चात एक बाज ने झण्डे जी की परिक्रमा की। श्रद्धालुओं ने इसे श्री गुरु राम राय जी महाराज की दिव्य उपस्थिति का प्रतीक माना। इस अद्भुत दृश्य ने संगतों की श्रद्धा को और अधिक गहरा कर दिया।

 

एलईडी स्क्रीन और सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण

 

मेले के दिव्य दृश्य को अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए परिसर में 5 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गईं। साथ ही फेसबुक और यूट्यूब के माध्यम से श्री झण्डे जी आरोहण का लाइव प्रसारण भी किया गया। ड्रोन कैमरों से की गई भव्य कवरेज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

 

देश-विदेश से पहुंची संगतें

 

उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में संगतें यहां पहुंचीं। विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने भी इस दिव्य अवसर पर श्री झण्डे जी के दर्शन कर गुरु महाराज जी की महिमा का गुणगान किया।

 

पवित्र सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी

 

श्रद्धालुओं ने दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर में स्नान कर गुरु महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

 

पुलिस, प्रशासन और मीडिया का जताया आभार

 

श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए पुलिस, प्रशासन, मीडिया और दूनवासियों का आभार व्यक्त किया। मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की ओर से सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top