Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

राजपुर रोड पर रेस बनी मौत का कारण, चार युवक गिरफ्तार; गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज

देहरादून | 01 मार्च 2026

 

कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में 27 फरवरी की रात राजपुर रोड स्थित अकेता होटल के सामने हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले को दुर्घटना से गैर इरादतन हत्या में तरमीम किया है।

 

जानकारी के अनुसार, रात्रि में रेपिडो वाहन संख्या यूके-17-जेड-5912 को दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों (यूके-07-एफएफ-5824 व यूके-07-एफजेड-4245) पर सवार युवकों ने टक्कर मार दी। हादसे में रेपिडो में सवार अंकित पाल (निवासी सेवला खुर्द, चंद्रबनी मोहब्बेवाला, देहरादून) एवं चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार हेतु दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंकित पाल को मृत घोषित कर दिया।

 

मृतक की माता श्रीमती ऊषा पाल की तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला में मुकदमा अपराध संख्या 40/2026 धारा 281/106(2)/125(बी) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

 

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा

 

विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि एक मोटरसाइकिल सवार युवक तेज गति से वाहन चलाते हुए रेपिडो से टकराया, जिससे दोनों सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल सवार युवक ने सड़क पर गिरे व्यक्ति के ऊपर से बाइक चढ़ा दी।

 

पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने स्वीकार किया कि वे आपस में बाइक रेस लगा रहे थे और पीछे बैठे युवक चालकों को लगातार तेज चलाने के लिए उकसा रहे थे। अत्यधिक गति और अंधेरा होने के कारण दोनों बाइक रेपिडो से जा टकराईं।

 

धाराओं में किया गया बदलाव

 

घटना को जानबूझकर तेज गति से वाहन चलाकर अंजाम देने के साक्ष्य मिलने पर धारा 106(1) बीएनएस को गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस में तरमीम किया गया तथा धारा 61(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।

 

गिरफ्तार अभियुक्त:

 

प्रांजल रमोला (22 वर्ष), ग्राम मल्ली, थाना धरासू, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी

 

अभिषेक बडोनी (21 वर्ष), बड़े थी, धरासू, उत्तरकाशी

 

लोकेंद्र उर्फ लोकेश (22 वर्ष), ग्राम माली, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी

 

सुमित राठौड़ी (22 वर्ष), ई-152 एमडीडीए कॉलोनी, केदारपुरम, देहरादून

 

एसएसपी दून का संदेश

 

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शहर के व्यस्त मार्गों पर स्टंटबाजी, रेसिंग और लापरवाही से वाहन चलाकर दूसरों की जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क को रेस ट्रैक न बनाएं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top