पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी, किसानों को मिला बड़ा तोहफा
**देहरादून।*
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल से देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से जारी की। इस अवसर पर उत्तराखंड में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण देखा।
कृषि एवं किसान हितों के लिए कार्य कर रहीं डॉ. सुनीता बौराई ने बताया कि वह वर्तमान में किसानों के साथ एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) के माध्यम से कार्य कर रही हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “खेत बचाओ अभियान” के तहत किसानों को जागरूक करने का काम कर रही हैं।
डॉ. सुनीता बौराई ने कहा कि परंपरागत खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, आवश्यक दवाइयों के सीमित प्रयोग तथा गोबर की खाद और जैविक खेती को अपनाने की अपील की। उनका कहना है कि बेहतर कृषि पद्धतियों के कारण अब किसानों के उत्पादों को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अच्छे दाम मिल रहे हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी होने पर प्रदेश के सभी अन्नदाता भाई-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना किसानों के सम्मान, समृद्धि और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लाखों किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर सहित प्रदेशभर से आए किसान, कृषि विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि और कृषि क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को नई मजबूती देने का कार्य कर रही हैं।