उत्तराखंड की जीवनरेखा मानी जाने वाली केदारनाथ यात्रा इन दिनों पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है। पाँच लाख से अधिक श्रद्धालु अब तक बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इस बीच ज़िला प्रशासन और पंचायत ने यात्रा मार्ग को स्वच्छ बनाए रखने के लिए एक सराहनीय पहल की है। ज़िला प्रशासन और पंचायत की ये खास पहल लोगों का ध्यान खींच रही है। दरअसल, इस पहल के तहत तीर्थ यात्रियों को निःशुल्क डिस्पोज़ेबल बैग दिए जा रहे हैं, ताकि वे यात्रा मार्ग पर फैले कूड़े को एक जगह इकट्ठा कर सकें। कचरे के निस्तारण के लिए जवाड़ी बाइपास, गुप्तकाशी, रायवाला बेंड जैसे कई प्रमुख स्थान चिन्हित किए गए हैं। यहाँ श्रद्धालु आसानी से बैग जमा कर सकते हैं, जिससे सफ़ाई बनी रहे। ज़िला पंचायत अधिकारी, प्रेम सिंह रावत, और अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग के अधिकारी, संदीप भट्ट, खुद भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे यात्रियों को स्वच्छता का संदेश देकर डिस्पोज़ेबल बैग वितरित कर रहे हैं।