विकासनगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी कौशल विकास योजना के अंतर्गत नई मुहिम शुरू

उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी, की महत्वाकांक्षी कौशल विकास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भर भारत की मुहिम को एक नई दिशा दी जा रही है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत छरबा में सहकार भारती द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबी बनाना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। विकासनगर की ग्राम पंचायत छरबा में सहकार भारती द्वारा गुलाब ग्राम संगठन से जुड़ी 250 महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। यह पहल आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत की गई, जिससे गाँव की महिलाएं न सिर्फ़ अपने लिए रोज़गार सृजित कर सकेंगी, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मज़बूत करेंगी। सहकार भारती के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, रमेश सिंह, का कहना है कि गाँव-गाँव तक आत्मनिर्भर भारत का संदेश पहुँचे। इसी कड़ी में बाँटी गई ये सिलाई मशीनें केवल उपकरण नहीं, बल्कि महिलाओं के हाथों में आत्मनिर्भरता की चाभी हैं।

इस अवसर पर मौजूद स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष, अलका जोशी, ने भी सरकार और संस्था के इस प्रयास की सराहना की और बताया कि इस पहल से महिलाओं में नया आत्मविश्वास आया है। अलका जोशी का कहना है कि सभी महिलाएं बहुत उत्साहित हैं। अब हम खुद अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी और गाँव में ही काम करके आय भी बढ़ा पाएंगी। वहीं, प्रदेश संपर्क प्रमुख, विवेक शर्मा, का कहना है महिलाएं केवल आत्मनिर्भर ही न बनें, बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top