Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

रुद्रपुर जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी का मुद्दा गरमाया, पूर्व विधायक ठुकराल समर्थकों समेत हिरासत में

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा गुरुवार को सियासी चर्चा का विषय बन गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और मरीजों को हो रही परेशानियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को पुलिस ने उनके समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को रुद्रपुर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। पुलिस को इसकी जानकारी मिलते ही उन्हें कार्यक्रम स्थल से पहले ही रोक लिया गया और समर्थकों समेत हिरासत में ले लिया गया।

पूर्व विधायक ठुकराल ने जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को गंभीर जनहित का मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल उधम सिंह नगर का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां रुद्रपुर के अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण मरीजों को कई बार बेहतर इलाज के लिए अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि मरीजों को रेफर किए जाने से उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है और समय भी अधिक लगता है। ठुकराल ने सरकार से जिला अस्पताल में रिक्त पड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को जल्द भरने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग की।

हिरासत में लिए जाने को लेकर ठुकराल ने कहा कि उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी प्रकार का विरोध या व्यवधान पैदा करना नहीं था। वह केवल जिला अस्पताल की गंभीर समस्या को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाकर उसका समाधान चाहते थे। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग रखना चाहते थे।

वहीं, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश को लेकर भी सख्ती बरती गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत निर्धारित अनुमति या कार्यक्रम का हिस्सा नहीं होने वाले लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी गई।

गौरतलब है कि बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने जेसीज पब्लिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर रखी थी।

मुख्यमंत्री के स्कूल परिसर पहुंचने पर विद्यार्थियों ने उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने भी विद्यार्थियों का अभिवादन स्वीकार किया और कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय बच्चों से हाथ मिलाया। मुख्यमंत्री के विद्यार्थियों से मिलने के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Category Not Found!

ADS Image

Scroll to Top