देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा 8 जून से 14 जून 2026 तक दो विशेष जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इनमें “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” और “सम्मान से पहचान (Identity with Dignity)” अभियान शामिल हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने बताया कि सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा अभियान के तहत लोगों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना पीड़ितों की मदद के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान गोल्डन ऑवर, गुड सेमेरिटन कानून, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण और कैशलेस उपचार योजना जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।
इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
वहीं “सम्मान से पहचान” अभियान के माध्यम से ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस किया जाएगा। लोगों को ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम-2019 और नियमावली-2020 की जानकारी दी जाएगी तथा समानता और भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया जाएगा।
अभियान में पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता और अन्य हितधारक व्यापक स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोगों तक विधिक अधिकारों और कानूनी सहायता की जानकारी पहुंच सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। निःशुल्क विधिक सहायता और परामर्श के लिए नागरिक नालसा हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।