सरकारी आदेशों की अवहेलना पर DIT यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर राज्य सरकार द्वारा घोषित तीन दिवसीय राजकीय शोक के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना DIT यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भारी पड़ गया। दून पुलिस ने सरकारी आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड शासन द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर पूरे राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया था। इसी क्रम में माध्यमिक शिक्षा निदेशक, उत्तराखंड द्वारा 19 मई 2026 को जारी आदेश में सभी शैक्षणिक संस्थानों को राजकीय शोक अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित न करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद राजपुर क्षेत्र स्थित DIT यूनिवर्सिटी परिसर में 19 मई की शाम सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मामले की जानकारी मिलने पर थाना राजपुर पुलिस ने सरकारी आदेशों की जानबूझकर अवहेलना मानते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top