चारधाम यात्रा-2026: तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

चारधाम यात्रा-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने डिम्मर गांव स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचकर भगवान बद्री विशाल से जुड़े आस्था के प्रतीक पवित्र तेल कलश “गाडू घड़ा” के दर्शन किए तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। यह गाडू घड़ा एक दिन पूर्व टिहरी से डिम्मर गांव पहुंचा है, जिसे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर में स्थापित किया गया है। आगामी 19 अप्रैल तक यह मंदिर में रहेगा, जिसके बाद 20 अप्रैल को यह श्री बद्रीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगा।

 

इस दौरान डीएम व एसपी ने मंदिर परिसर में पुजारी समुदाय एवं डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कपाट खुलने की तैयारियों, तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

 

इसके उपरांत अधिकारियों ने गौचर-भट्टनगर-पोखरी तथा सिवाई-कालेश्वर-कर्णप्रयाग वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़क चौड़ीकरण, मलबा हटाने, गड्ढों के पैचवर्क एवं साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। बताया गया कि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने की स्थिति में इन मार्गों का उपयोग किया जाएगा।

 

पुलिस अधीक्षक ने संभावित यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन व पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। वहीं चमोली से गौचर तक निर्माण कार्यों एवं नवनिर्मित पार्किंग स्थलों का भी जायजा लिया गया।

 

चारधाम यात्रा की तैयारियों के तहत अधिकारियों ने कोतवाली कर्णप्रयाग का औचक निरीक्षण कर बंदी गृह, मालखाना व आपदा रेस्क्यू उपकरणों की जांच की। उन्होंने सभी उपकरणों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

 

इस मौके पर प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग एवं मंदिर समिति के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top