बदरीनाथ धाम में लोक निर्माण विभाग के हेलीपेड पर एक प्राइवेट कंपनी का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गया। जिससे एक बड़ी घटना होने से टल गई। हेलिकॉप्टर के उड़ान भरने के दौरान उसके पंख वहां खड़ी एक कार से टकरा गए, जिसके बाद पायलेट ने सूझबूझ दिखाकर हेलीपेड में बने एच से कुछ दूरी पर हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लेंडिंग करा दी। फिलहाल हेली कंपनी के हेलिकॉप्टर की उड़ानें रोक दी गई हैं। बीते दिन सांय को थंबी एविएशन का हेलिकॉप्टर फाटा से यात्रियों को लेकर बदरीनाथ पहुंचा। हेलीपैड पर यात्रियों को उतारने के बाद वह दूसरे यात्रियों को लेने के लिए उड़ान भर रहा था तभी हेलिकॉप्टर अनिंयत्रित हो गया और पास में खड़े एक वाहन से उसके पंखे टकरा गए। पायलेट ने मुश्किल से हेलिकॉप्टर को नियंत्रित कर हेलीपैड पर ही लैंड करा दिया। इसमें किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। बदरीनाथ के थाना प्रभारी नवनीत भंडारी ने कहा कि हेलिकॉप्टर उडान भरने के दौरान अनियंत्रित हो गया था, उसके पंखे हेलीपैड पर खड़े एक वाहन से टकरा गए। हेलिकॉप्टर को वहीं लैंड कर दिया गया। सभी लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं। कुछ दिन पूर्व उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टर क्रैस हो गया था, जिसके बाद हेलिकॉप्टर की उड़ानें बड़ी सुरक्षित ढंग से कराई जा रही थी। इस मामले की जांच की जा रही है।