हेडिंग:
रायपुर ब्लॉक में बहुउद्देशीय शिविर, 257 लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
देहरादून, 25 मार्च 2026।
‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत रायपुर ब्लॉक मुख्यालय में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रायपुर विधायक उमेश शर्मा (काऊ) की अध्यक्षता में जनसमस्याएं सुनी गईं और उनका मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से कुल 257 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सरोजनी जवाड़ी और उप जिलाधिकारी (सदर) हरिगिर भी मौजूद रहे।
विधायक उमेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
शिविर में कुल 11 जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जिनका तत्काल निस्तारण किया गया। विद्युत पोल, पेड़ों से बाधित यातायात, अधूरी नालियों और पेयजल लाइन रिसाव जैसी समस्याओं पर संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने 87 लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। 50 आधार कार्ड अपडेट और 16 आय प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए गए। कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, पूर्ति, बाल विकास, सेवायोजन, पशु चिकित्सा और राजस्व विभागों ने भी अपने-अपने स्तर पर लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा।
शिविर में युवाओं को करियर परामर्श भी दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम जनता की भागीदारी रही।