Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

मांडूवाला जंगल में कट्टे में मिला था महिला का शव, 8 टीमों और 5000 लोगों के सत्यापन के बाद पुलिस पहुंची आरोपी तक

देहरादून के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को दून पुलिस ने सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में मृतका के पहले पति को ही हत्या का आरोपी पाया गया है।

घटना 11 मार्च 2026 की है, जब मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर परिसर के पास जंगल में एक सफेद कट्टे में बंद अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शव के पास एक रजाई भी मिली थी, जिससे उसे ढकने का प्रयास किया गया था। शव 4-5 दिन पुराना होने और चेहरा खराब होने के कारण पहचान नहीं हो पाई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देशन में 8 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और 2500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन जंगल क्षेत्र होने के कारण कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया।

इसके बाद पुलिस ने 30 से अधिक मलिन और झुग्गी बस्तियों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। करीब 5000 बाहरी और स्थानीय लोगों का भौतिक सत्यापन कर महिला की पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाई गई।

लगातार प्रयासों के बाद 19 मार्च को पुलिस को कॉसवाली कोठरी क्षेत्र में अहम सुराग मिला। जांच में सामने आया कि बिहार निवासी मजदूर रंजीत शर्मा की पहली पत्नी रूपा कुछ दिन पहले उसके साथ रह रही थी, लेकिन अचानक गायब हो गई थी।

पुलिस ने जब संदिग्ध रंजीत शर्मा को भाटोवाला से हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2009 में उसकी शादी रूपा से हुई थी। चार साल पहले रूपा किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी, जिसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी। करीब एक साल पहले रूपा दोबारा उसके संपर्क में आई और 23 फरवरी 2026 को अपनी 11 माह की बच्ची के साथ देहरादून आकर उसके साथ रहने लगी।

इस दौरान वह आरोपी पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 5 मार्च की रात इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गला दबाकर रूपा की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को कट्टे में डालकर चार दिन तक कमरे में छिपाकर रखा। बाद में 8 मार्च को अपनी दूसरी पत्नी के आने पर उसने बच्ची को उसके पास छोड़ दिया और शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी रंजीत शर्मा (32 वर्ष), निवासी सहरसा (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान उसकी पहली पत्नी रूपा के रूप में हुई है।

इस सफल अनावरण पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा टीम को 5000 रुपये तथा एसएसपी देहरादून द्वारा 2500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top