हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियां तेज, चमोली पुलिस, सेना व गुरुद्वारा कमेटी ने किया संयुक्त स्थलीय निरीक्षण

23 मई से प्रारंभ होने वाली विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब की पावन यात्रा के दृष्टिगत चमोली पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं सुगम आवागमन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए *आज चमोली पुलिस ने भारतीय सेना और घांघरिया गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ संयुक्त रूप से गोविन्दघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक के संपूर्ण यात्रा मार्ग का गहन स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम पुलना गाँव जहाँ तक वाहनों का आवागमन होता है, वहाँ की पार्किंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया,ताकि यात्रा के दौरान यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।इसके पश्चात यात्रा मार्ग पर स्थित भ्यूंडार एवं घांघरिया पुलिस चौकियों का निरीक्षण* करते हुए वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। उल्लेखनीय है कि ये चौकियां शीतकालीन अवधि में बंद रहती हैं, ऐसे में यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व इन चौकियों को पुनः संचालित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं, संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण किया।

 

इसी मार्ग से विश्व प्रसिद्ध ‘फूलों की घाटी’जाने का रास्ता भी होकर गुजरता है, जहां पर्यटन सीजन में भारी संख्या में पर्यटकों का आवागमन रहता है। आगामी समय में इसके भी खुलने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन कर आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया।

 

वर्तमान में अटलाकोटी से श्री हेमकुंड साहिब तक का मार्ग भारी बर्फ से ढका हुआ है।भारतीय सेना के जांबाज जवान निरंतर इस बर्फ को काटकर रास्ता बनाने में जुटे हैं।पुलिस, सेना और गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से बर्फ हटाते हुए श्री हेमकुंड साहिब तक का सफर तय किया और दरबार साहिब परिसर में यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

 

एसपी चमोली सुरजीत सिंह पँवार के कुशल निर्देशन में चमोली पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर श्रद्धालु की यात्रा ‘मित्रता, सेवा और सुरक्षा’ के वातावरण में संपन्न हो। दुर्गम परिस्थितियों और बर्फबारी के बावजूद प्रशासन और सेना के बीच बेहतर समन्वय से यात्रा को सुगम बनाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

 

इस दौरान गोविन्दघाट गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह, प्रभारी निरीक्षक गोविन्दघाट चित्रगुप्त, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह व सेना के जवान मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top