सैन्य धाम के अंतिम चरण के निर्माण कार्यों की समीक्षा, मंत्री गणेश जोशी ने दिए समयबद्ध पूर्णता के निर्देश
देहरादून, 05 फरवरी 2026। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सैन्य धाम के अंतिम चरणों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अपने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सचिव सैनिक कल्याण एवं विभागीय अधिकारियों के साथ सैन्य धाम के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री गणेश जोशी ने जानकारी दी कि सैन्य धाम निर्माण कार्य को रोकने के संबंध में दायर जनहित याचिका (PIL) को माननीय उच्च न्यायालय द्वारा खारिज कर दिया गया है। न्यायालय ने अपने निर्णय में स्पष्ट किया कि निर्माण स्थल की भूमि वन भूमि की श्रेणी में नहीं आती।

मंत्री ने इस निर्णय के लिए माननीय उच्च न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब परियोजना को बिना किसी बाधा के अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लोकार्पण समारोह की तैयारियां सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शीघ्र समय लेकर सैन्य धाम का भव्य लोकार्पण कराया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सैन्य धाम प्रदेश के वीर सैनिकों के सम्मान, त्याग और गौरव का प्रतीक बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा।
बैठक में सचिव सैनिक कल्याण दीपेंद्र चौधरी, उपनिदेशक विंग कमाण्डर (सेनि.) निधि बधानी, एमडी उपनल ब्रिगेडियर (सेनि.) जेएनएस बिष्ट, उपनिदेशक कर्नल (सेनि.) योगेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।