Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

सीमांत पोलिंग बूथ हर्षिल का निरीक्षण करेंगे मुख्य चुनाव आयुक्त

देहरादून। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय उत्तराखण्ड दौरे पर देहरादून पहुंचे। देहरादून पहुंचने के बाद वह सीधे उत्तरकाशी के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को आगामी चुनावी तैयारियों और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दृष्टिगत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त अपने दौरे के दौरान उत्तरकाशी जनपद के सीमांत क्षेत्र स्थित हर्षिल पोलिंग बूथ का निरीक्षण करेंगे। यह पोलिंग बूथ भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील एवं दुर्गम क्षेत्रों में शामिल माना जाता है। निरीक्षण के दौरान वह मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, मतदान दलों की पहुंच, संचार व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

 

इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी।

 

सूत्रों के अनुसार दौरे के दौरान निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला प्रशासन एवं चुनाव से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में सीमांत एवं पर्वतीय क्षेत्रों में चुनाव संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर विशेष रूप से विचार किया जाएगा।

 

निर्वाचन आयोग द्वारा दुर्गम क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त का यह दौरा आगामी चुनावों की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top