हल्दूचौड़ में चोरी से हड़कंप: दुकान के अंदर से नकदी से भरा बैग गायब, CCTV फुटेज से खुलेगा राज

हल्दूचौड़। बैंक ऑफ बड़ौदा हल्दूचौड़ के समीप स्थित खीमानंद पांडे के देवाशीष जनरल स्टोर में एक नाबालिग लड़के द्वारा कथित रूप से रुपयों से भरा बैग चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित दुकानदार खीमानंद पांडे के अनुसार, वह अपनी दुकान के बगल में कूड़ा जलाने गए थे। इसी दौरान एक नाबालिग लड़का दुकान के अंदर घुस आया और काउंटर के भीतर रखे सामान को देखने लगा। दुकानदार के वापस लौटने पर उन्होंने लड़के को दुकान के अंदर पाया। पूछताछ करने पर वह बहाने बनाने लगा और सिगरेट समेत अन्य सामान मांगने लगा।

दुकानदार को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ तो उन्होंने दुकान में रखे सामान और अपने रुपये के बैग की जांच की। जांच करने पर पता चला कि करीब 22 हजार रुपये से अधिक की नकदी से भरा बैग गायब है। तब तक संदिग्ध लड़का दुकान से निकलकर साइकिल से फरार हो चुका था।

घटना की जानकारी दुकानदार ने तत्काल ग्राम प्रधान को दी, जिसके बाद मामले की सूचना हल्दूचौड़ पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

पुलिस मामले में घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। घटना को लेकर स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top