तुष्टिकरण के फार्मूले को आगे बढ़ा रहे हैं कांग्रेस अध्यक्ष : चौहान

मुस्लिम यूनिवर्सिटी पर अपने मंच से उठी आवाज की जिम्मेदारी क्यों नहीं लेती कांग्रेस?

देहरादून।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष हरिद्वार कुंभ में हर की पैड़ी पर गैर हिंदुओं के प्रवेश को लेकर उठे मुद्दे को हवा देकर एक बार फिर तुष्टिकरण के फार्मूले को आगे बढ़ा रहे हैं, जो समाज के लिए घातक साबित हो सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चौहान ने कहा कि धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष का कथन पूरी तरह हास्यास्पद और तथ्यहीन है। उन्होंने कहा कि बोर्ड लगाने वालों की जवाबदेही को लेकर भाजपा से सवाल पूछना अतार्किक और अव्यवहारिक है।

चौहान ने कहा कि कांग्रेस आज तक अपने ही मंच से उठी मुस्लिम यूनिवर्सिटी की मांग पर जिम्मेदारी नहीं ले पाई है और हर बार इसका ठीकरा भाजपा के सिर फोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यह मांग कांग्रेस के ही एक पदाधिकारी द्वारा रखी गई थी और जिसे समर्थन देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री भी कांग्रेस से जुड़े रहे, इसके बावजूद कांग्रेस ने कभी आत्ममंथन नहीं किया।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि भाजपा सनातन संस्कृति के संरक्षण को लेकर पूरी तरह स्पष्ट है और किसी भी प्रकार के भ्रम में नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट बैंक की राजनीति के लिए तुष्टिकरण से समझौता नहीं कर सकती। मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जुमे की नमाज जैसे मुद्दे कांग्रेस से ही उपजे, जिनका जनता ने पुरजोर विरोध किया और चुनावों में कांग्रेस को इसका जवाब भी दिया।

चौहान ने कहा कि बहुसंख्यक समाज के हितों पर आघात कर तुष्टिकरण करने वाले कांग्रेस नेताओं को जनता ने बार-बार नकारा है और तमाम पाश्चाताप के बावजूद उन्हें माफ नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि कांग्रेस बोर्ड पर लिखे संदेश को लेकर जनता से संवाद करे, उसे वास्तविक जवाब मिल जाएगा। चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रदेश में लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद जैसे मामलों में की जा रही कार्रवाई पर भाजपा को घेरती रही है और अल्पसंख्यक तुष्टिकरण का प्रदर्शन करती रही है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने स्पष्ट किया कि भाजपा ऐसी किसी भी राजनीति का विरोध करेगी और सनातन संस्कृति के संरक्षण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगी। धर्म की आड़ में सनातन का विरोध और तुष्टिकरण की राजनीति को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top