होटल में अवैध रूप से शराब परोसते दो गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज

देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने बिना लाइसेंस व परमिट के होटल में शराब परोसने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने धर्मपुर क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में छापा मारा। जांच के दौरान रेस्टोरेंट में ग्राहकों को बैठाकर शराब परोसी जा रही थी। मौके से पुलिस ने राम सिंह और चंद्र मोहन को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी में पुलिस ने दो बोतल गोल्फर शॉट, एक बोतल ब्लेंडर्स प्राइड, एक बोतल ब्लैक एंड व्हाइट (सभी आधी भरी हुई) तथा नौ खाली प्लास्टिक डिस्पोजेबल गिलास बरामद किए।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित होटल में बिना वैध लाइसेंस और परमिट के शराब परोस रहे थे। इस मामले में दोनों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपितों में राम सिंह निवासी ग्राम रंदड़ा, डीडीहाट (पिथौरागढ़) तथा चंद्र मोहन निवासी ग्राम बंगरी, टिहरी गढ़वाल शामिल हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top