Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

भरोसे की आड़ में लाखों के गहने उड़ाए, इंस्टाग्राम पोस्ट ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

देहरादून। एक साल पहले रहस्यमयी तरीके से गायब हुए करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों का राज आखिरकार इंस्टाग्राम की एक फोटो ने खोल दिया। मालकिन के घर में घरेलू सहायिका का काम करने वाली महिला ने भरोसे का फायदा उठाकर लॉकर से लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद वह लगातार मालकिन को गुमराह करती रही, लेकिन सोशल मीडिया पर हीरे का हार पहनकर फोटो पोस्ट करना उसे भारी पड़ गया। राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी के अधिकांश आभूषण बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक सिक्का किमाया ग्रीन आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स के घर से करीब एक वर्ष पहले हीरे और सोने के कीमती आभूषण गायब हो गए थे। परिवार को लगा कि गहने कहीं रखकर भूल गए हैं या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे। मामला तब पलट गया जब एक परिचित ने इंस्टाग्राम पर एक महिला की तस्वीर दिखाई। तस्वीर में पहना गया हीरे का हार हूबहू गायब हुए हार जैसा था। फोटो में दिखाई देने वाली महिला कोई और नहीं, बल्कि घर में काम कर चुकी घरेलू सहायिका विमला निकली।

 

सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर जोहड़ी रोड से विमला को दबोच लिया। पूछताछ में उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद माल की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घर में काम करने के दौरान लॉकर में रखे महंगे गहनों पर नजर रखती थी। लालच में आकर मौका मिलते ही उसने सभी कीमती आभूषण चोरी कर लिए। मालकिन का भरोसा जीतने के लिए उसने उन्हें यह यकीन दिलाया कि शायद गहने कहीं और रख दिए गए हैं। चोरी के गहने बेचने की उसने कई बार कोशिश की, लेकिन खरीदार नहीं मिला। आखिरकार इंस्टाग्राम पर डाली गई एक तस्वीर ने उसकी पूरी साजिश बेनकाब कर दी।

 

गिरफ्तार आरोपी विमला पत्नी रंजीत, मूल निवासी ग्राम चकगामा, थाना पसीगमा, जनपद लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून की रहने वाली है।

 

घटना का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top