Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

एक क्लिक में लाखों पेंशनर्स को राहत, खातों में पहुँची पेंशन

वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग समेत सभी श्रेणियों के लाभार्थियों को मिला लाभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग के तहत पेंशनर्स को “वन क्लिक” प्रणाली के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। इस दौरान राज्य पोषित योजनाओं के कुल 7,56,682 पेंशनर्स के खातों में 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।

जारी की गई पेंशन में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन शामिल हैं। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ देने के लिए नियमित रूप से बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके चलते हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले व्यक्तियों का सर्वे कर उनकी पात्रता सुनिश्चित की जाए, ताकि 60 वर्ष पूर्ण होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का दायरा बढ़ाने के लिए वार्षिक आय मानकों को व्यावहारिक बनाया जाए और सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को नवाचार अपनाने तथा अन्य विभागों के साथ श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम में विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और प्रत्येक जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

 

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव प्रकाश चंद्र सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top