Tranding

Date & Time
, |

ADS 500/50

सीएम धामी का सख्त निर्देश: 15 जून तक जारी हों सभी लंबित शासनादेश

हर ब्लॉक में बनेगा बालिका छात्रावास, रघुनाथ-लक्ष्मण-सीता मंदिरों को धार्मिक सर्किट के रूप में किया जाएगा विकसित

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और उनकी प्रभावी निगरानी के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग प्रोग्राम इवैल्यूएशन एंड रिव्यू टेक्निक (पी.ई.आर.टी.) चार्ट तैयार कर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। साथ ही जिन घोषणाओं के शासनादेश अब तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें 15 जून 2026 तक हर हाल में जारी किया जाए।

 

सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों की घोषणाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़कों, वनाग्नि और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिकाओं के लिए एक-एक छात्रावास बनाया जाएगा। इसके लिए छात्राओं की अधिक संख्या वाले विद्यालयों का चयन कर आवश्यक भूमि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही रघुनाथ मंदिर, कोट ब्लॉक स्थित लक्ष्मण मंदिर और फलस्वाड़ी स्थित सीता माता मंदिर को धार्मिक सर्किट के रूप में भव्य रूप से विकसित किया जाएगा।

 

उन्होंने शिक्षा विभाग और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के लिए प्राप्त प्रस्तावों को केंद्र सरकार के मानकों के अनुरूप तैयार कर शीघ्र भेजा जाए, ताकि उन्हें जल्द स्वीकृति मिल सके। युवाओं की सुविधा के लिए पौड़ी में मल्टीपरपज हॉल निर्माण के भी निर्देश दिए गए।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई जा रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। रोपवे परियोजनाओं की अलग से समीक्षा, पार्किंग समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी कार्यालयों में सोलर पैनल लगाने के निर्देश भी दिए गए।

 

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट, राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि गढ़वाल आयुक्त और जिलाधिकारी पौड़ी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ADS Image

Scroll to Top