रूद्रप्रयाग पुलिस ने सूचना के बाद केदारनाथ यात्रा में आये तीर्थयात्रियों के मोबाईल फ़ोन और नगदी चोरी करने वाले चोरों को गिरफ़्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गौरीकुण्ड घोड़ा पड़ाव क्षेत्रान्तर्गत एक टिन शेड की आड़ में कुछ संदिग्ध नेपाली व्यक्ति बैठे हैं और उनके पास संदिग्ध औज़ार इत्यादि हैं। इसके बाद गौरीकुण्ड चौकी प्रभारी, सूरज कंडारी, के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर तीन नेपाली मूल के व्यक्तियों को चोरी की योजना बनाते हुए मौके से रंगे हाथों गिरफ़्तार किया। इनके कब्ज़े से चोरी करने व टेंट काटने में प्रयुक्त होने वाला सामान और तलाशी में एक बैग के अन्दर 18 मोबाईल फ़ोन व 25,000/- रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ करने पर मोबाइल फ़ोन और नगदी के सम्बन्ध में बताया कि ये मोबाइल फ़ोन और नगदी उनके द्वारा केदारनाथ में लगे अलग-अलग टेंटों को काट कर चोरी किए गए थे, जिन्हें वे नेपाल जाकर बेचने की तैयारी में थे।