देहरादून में दो दिवसीय साधना आराधना शिविर सम्पन्न, आध्यात्मिक संदेशों से जागृत हुआ वातावरण
देहरादून:
श्री सत्य साई सेवा संगठन उत्तराखण्ड द्वारा सुभाष नगर स्थित साई मंदिर में आयोजित दो दिवसीय साधना आराधना शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में आध्यात्मिक जागरूकता, आत्मिक उन्नति और समर्पण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ 4 अप्रैल को प्रशांति ध्वजारोहण, दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्रदेशाध्यक्ष कर्नल योगेन्द्र सिंह ने शिविर के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। नेशनल आध्यात्मिक कोऑर्डिनेटर मुरली जाजू ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया, वहीं उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
शिविर के दूसरे दिन विभिन्न आध्यात्मिक सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें वेद मंत्र उच्चारण, भजन, व्यक्तिगत साधना, विद्या ज्योति, ज्योति ध्यान और स्टडी सर्कल शामिल रहे। ऑल इंडिया प्रेसिडेंट निमिष पांड्या और कमला पांड्या ने भी वर्चुअल माध्यम से मार्गदर्शन दिया। डॉ. ओ.पी. गुप्ता ने अध्यात्म और स्वास्थ्य के साथ युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
दोपहर सत्र में पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन में साई समिति की भूमिका, सेवा प्रकल्पों, नगर संकीर्तन और श्रीमद् भगवद्गीता की महत्ता पर चर्चा की गई।
शिविर के दौरान “समर्पण की प्रार्थना” का विशेष संदेश दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि जीवन की चिंताओं और समस्याओं को ईश्वर को समर्पित करने से आंतरिक शांति प्राप्त होती है और विश्वास व धैर्य में वृद्धि होती है। श्रद्धालुओं ने इस संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
समापन सत्र में नए दायित्वों की घोषणा के साथ महा मंगल आरती संपन्न हुई। प्रसाद वितरण के साथ शिविर का समापन हुआ। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, नैतिक मूल्यों और सेवा भावना को सुदृढ़ करते हैं।
प्रदेशाध्यक्ष कर्नल योगेन्द्र सिंह एवं बीना जोशी ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।